चमोली। एक वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे दो व्यक्तियों पर भी हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद में संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों, वारंटी अभियुक्तों एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सघन अभियान निरंतर जारी है।
1. कर्णप्रयाग पुलिस ने गैर-जमानती वारंट के अभियुक्त को किया गिरफ्तार
माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट, कर्णप्रयाग द्वारा फौजदारी वाद संख्या-21/2026 में धारा 181, 183, 184, 185, 196 एवं 192(2) मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन हेतु कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने अभियुक्त अनूप भूषण पुत्र दिनेश चन्द्र, निवासी ग्राम घगोठू, पोस्ट नगरासू, जनपद रुद्रप्रयाग की संभावित स्थानों पर लगातार तलाश एवं सुरागरसी करते हुए दिनांक 27.06.2026 को गौचर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
2. बद्रीनाथ पुलिस ने शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे दो व्यक्तियों को किया गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना बद्रीनाथ पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान हरीश सिंह एवं सुदीप सिंह, दोनों निवासी नेपाल, सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की।
