टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा, फंसे 3 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी संसाधनों के इस्तेमाल के निर्देश
घटनास्थल से लेकर जिला अस्पताल तक लिया जायजा, घायलों का जाना हाल, मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी महोदय ने आज घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार से घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया तथा रेस्क्यू अभियान में जुटी विभिन्न टीमों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों एवं तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस सहित सभी रेस्क्यू टीमों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि घटना में अभी तक 7 लोगों की दुःखद मृत्यु की सूचना है व 3 लोगों की तलाश एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया, जहां मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन श्रमिकों का हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार, मृतकों के परिजनों की सहायता तथा घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस भी बंधाया।
इस दौरान जनपद प्रभारी मंत्री श्री भरत चौधरी, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, थराली विधायक श्री भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट, दायित्वधारी श्री हरक सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आरती नवानी, सभासद श्री राजा जोशी, आपदा सचिव श्री विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, एसडीएम श्री राजकुमार पांडेय, श्री चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
