चमोली। मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पोखरी पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया।
मंगलवार को रात्रि करीब 08:30 बजे ग्राम सिमखोली, पोखरी क्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला अकेली घूमती हुई दिखाई दीं। देर रात अनजान स्थान पर बुजुर्ग महिला को इस तरह भटकता देख ग्रामवासियों ने तत्काल इसकी सूचना थाना पुलिस को दी
सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला को सुरक्षित थाने पर लाया। रात के समय अकेली और असहाय स्थिति में मिली बुजुर्ग महिला के लिए पुलिस ने केवल अपनी ड्यूटी तक सीमित न रहते हुए अपनों जैसा सहारा और संवेदनशीलता दिखाई।
महिला की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें थाने पर नियुक्त महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में सुरक्षित रखा गया। पुलिस कर्मियों द्वारा उनकी कुशलक्षेम पूछी गई, उन्हें भोजन कराया गया और पूरी रात उनकी देखभाल की गई, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही पुलिस द्वारा बुजुर्ग महिला के परिजनों की तलाश कर उनसे संपर्क किया गया तथा उन्हें महिला के सकुशल थाना पोखरी में होने की जानकारी दी गई। आज दिनांक 02/09/2026 को महिला के परिजनों को थाने पर बुलाया गया और बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बुजुर्ग परिजन को सुरक्षित देखकर परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने चमोली पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
