चमोली। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज वाण देवाल चमोली के 13 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार की ओर से चयनित विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के कक्षा 6 के हर्षित, मनोज, देवेंद्र, दिगंबर, हेमलता, सृष्टि, प्रियंका और चांदनी सहित आठ विद्यार्थियों तथा कक्षा 9 के दिनेश, हिमांशु, पंकज, मनीष और मीना सहित पांच विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। इस प्रकार विद्यालय के कुल 13 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए छात्रवृत्ति प्राप्त करने में सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा पूरे प्रदेश में 7 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता एवं प्रतिभा का आकलन किया गया। परीक्षा में सम्मिलित विद्यार्थियों में से 10 प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाता है।
देवाल विकासखंड की बात करें तो यहां से कुल 59 विद्यार्थियों का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। इनमें कक्षा 6 के 29 तथा कक्षा 9 के 30 विद्यार्थी शामिल हैं।
परिणाम घोषित होने के अगले दिन विद्यालय में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से बधाई दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य श्री हरिश्चंद्र ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और बच्चों की लगन का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन बच्चों से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विद्यालय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल, विकासखंड प्रमुख तेजपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला बिष्ट तथा ग्राम प्रधान नंदुली बिष्ट ने विद्यालय परिवार एवं चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।
