चमोली।  शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर, चमोली में नवाचारी गणित शिक्षण के अंतर्गत अधिगम-सह-शिक्षण सामग्री (एलटीएम) निर्माण एवं गणित प्रयोगशाला विकास विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 23 से 27 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है।

कार्यशाला में जनपद चमोली के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के 49 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा केंद्रीय विद्यालय के चार शिक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।

कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर डायट प्राचार्य श्री अनी नाथ ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों को निरंतर अध्ययन करते हुए स्वयं को नवीन शैक्षिक गतिविधियों एवं नवाचारों से अपडेट रखना चाहिए। एक शिक्षक जब स्वयं लगातार अध्ययन करता है और नए प्रयोगों एवं खोजों के प्रति सक्रिय रहता है, तभी वह विभिन्न प्रकार के अधिगमकर्ताओं की सीखने संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान कर सकता है। उन्होंने प्रतिभागी शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों

में बच्चों के साथ मिलकर गणित कोने विकसित करने तथा प्रारंभिक कक्षाओं से ही बच्चों की आधारभूत गणितीय अवधारणाओं को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

 

कार्यशाला के समन्वयक गोपाल प्रसाद कपरुवान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCF-SE) 2023 के संदर्भ में गणित शिक्षा के अर्थ, उद्देश्यों, प्रमुख आयामों तथा गणित शिक्षण को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि गणित की प्रकृति संचयी होती है तथा गणितीय दक्षताओं का विकास प्रारंभिक स्तर से शुरू होकर उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर तक निरंतर चलता है। इसलिए प्रारंभिक कक्षाओं में गणित को गतिविधि आधारित एवं आनंदपूर्ण बनाना आवश्यक है, ताकि बच्चों में गणित के प्रति रुचि और समझ विकसित हो सके।

कार्यशाला में डायट बागेश्वर के वरिष्ठ गणित प्रवक्ता डॉ. भैरव दत्त पांडे संदर्भदाता के रूप में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनके द्वारा कक्षा 3, 4 एवं 5 की विभिन्न गणितीय अवधारणाओं पर आधारित अधिगम-सह-शिक्षण सामग्री का निर्माण करवाया जा रहा है। साथ ही, निर्मित सामग्री का उच्च कक्षाओं में उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है, इस पर भी समूहवार गतिविधियां एवं प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यशाला में गतिविधि आधारित एवं सहभागितापूर्ण अधिगम को कक्षाओं में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रकार की गणितीय शिक्षण सामग्री तैयार की जा रही है। साथ ही, गणितीय अवधारणाओं के क्रमिक विकास को ध्यान में रखते हुए शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा अमूर्त गणितीय अवधारणाओं को मूर्त वस्तुओं एवं गतिविधियों के माध्यम से सरलता से समझाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद मैखुरी एवं कार्यशाला के सह-समन्वयक श्री सुबोध डिमरी भी उपस्थित रहे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गणित शिक्षण को अधिक प्रभावशाली, रुचिकर एवं गतिविधि आधारित बनाते हुए विद्यालयों में गणित प्रयोगशालाओं और गणित कोनों के विकास को प्रोत्साहित करना है।

error: Content is protected !!