चमोली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर, चमोली में प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शिका एवं प्रश्न-पुस्तिका तैयार करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला के माध्यम से संस्थान की पत्रिका ‘फ्योली’ को इस वर्ष नए कलेवर एवं नवीनतम शैक्षिक सामग्री के साथ तैयार किया जाएगा।
इस बार पत्रिका में विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं में इस वर्ष आयोजित परीक्षाओं के हल प्रश्नपत्र भी शामिल किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा के स्वरूप और प्रश्नों के स्तर को समझने में सहायता मिल सकेगी। बदलते परीक्षा पैटर्न को ध्यान में रखते हुए प्रश्न-पत्रों का संकलन एवं निर्माण किया जा रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में पर्यावरण विज्ञान को शामिल किए जाने के अनुरूप प्रश्नों को भी मार्गदर्शिका में स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही इस बार सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा के प्रश्नपत्र भी पत्रिका में सम्मिलित किए जा रहे हैं।
पत्रिका की एक अन्य विशेषता यह होगी कि इसमें हिम ज्योति विद्यालय देहरादून का संपूर्ण समय-सारणी एवं प्रवेश प्रक्रिया संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रवेश से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एक ही स्थान पर मिल सकें।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्री अनी नाथ ने बताया कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी, गुणवत्तापूर्ण और अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना संस्थान का उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पत्रिका ‘फ्योली’ को नए स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें बदलते परीक्षा पैटर्न और नवीनतम प्रश्नों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।
वहीं, पत्रिका के मुख्य संपादक सुबोध कुमार डिमरी ने बताया कि कार्यशाला में चयनित शिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नों का संकलन, संपादन एवं विषयवस्तु का निर्माण किया जा रहा है। इस बार पत्रिका को अधिक उपयोगी और विद्यार्थी केंद्रित बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को एक ही पुस्तक में परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध हो सके।
कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें दिनेश बधानी, आलोक रंजन नेगी, पंकज सती, रजनी नेगी, महावीर गौड़, प्राची खत्री एवं रेखा नेगी शामिल हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली की इस पहल से जनपद के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी मार्गदर्शन एवं नवीनतम अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने की उम्मीद है,
