चमोली। पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में चमोली पुलिस परिवार द्वारा प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत के एसडीआरएफ वाहिनी में शिविरपाल के पद पर स्थानांतरण होने पर एक गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

आनन्द सिंह रावत पिछले 03 वर्ष 03 माह से जनपद चमोली में प्रतिसार निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय देते हुए पुलिस बल के मनोबल एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार की उपस्थिति में आयोजित विदाई समारोह में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से पहुंचे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिसार निरीक्षक के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में सदैव अनुशासन, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए प्रत्येक चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। चारधाम यात्रा, आपदा प्रबंधन,गैरसैंण विधानसभा सत्र, चुनाव, अल्ट्रा मैराथन एवं अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। उनके कार्यकाल में पुलिस के कई नव निर्माण एवं विकास कार्य हुए तथा जनता के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित हुआ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आनन्द सिंह रावत अपनी नई तैनाती पर भी इसी समर्पण, दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेंगे तथा चमोली पुलिस परिवार की शुभकामनाएं सदैव उनके साथ रहेंगी।

अपने चमोली कार्यकाल के दौरान आनन्द सिंह रावत ने चारधाम यात्रा, विधानसभा सत्र, निर्वाचन ड्यूटी, आपदा प्रबंधन सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल नेतृत्व करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

विदाई समारोह के दौरान भावुक संबोधन में प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत ने चमोली पुलिस परिवार से मिले स्नेह, सहयोग एवं विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद चमोली में बिताया गया समय उनके सेवा जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा तथा यहां से प्राप्त अनुभव, सहयोग और आत्मीयता उनके भावी दायित्वों के निर्वहन में सदैव प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का कार्य करेंगे।

समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें आत्मीय भावनाओं के साथ विदाई दी।

error: Content is protected !!