चमोली। भक्तराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्र संसद के पदाधिकारियों का चयन लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हुआ। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि छात्र संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें लोकतांत्रिक प्रणाली की जानकारी देना है, ताकि वे भारतीय गणतंत्र में अपने प्रतिनिधि का सही चयन करना सीख सकें। 
चुनाव परिणाम में अभिषेक कुमार छात्र संसद के प्रधानमंत्री चुने गए, जबकि राहुल रावत को उप प्रधानमंत्री बनाया गया। सेनापति पद पर तनिश बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए।
प्रधानाचार्य मदन सिंह चौधरी के मार्गदर्शन तथा चुनाव अधिकारी शंकर महावीर की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान भावना पुरोहित, सुमित मैखुरी, विवेक मैखुरी, कविता नेगी, ललित सती, शर्मिला पंवार, अनुजा मैठाणी, कर्मेंद्र रौथान, सुनील कुमार, बृज मोहन भारती एवं तनिषा सती सहित समस्त शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में कार्य करने की अपेक्षा जताई।
