चमोली । प्रभजोत सिंह पुत्र मनजीत सिंह, निवासी पटियाला (पंजाब), श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन कर वापस गुरुद्वारा घांघरिया लौट रहे थे। इस दौरान अटला कोटी के समीप उनका मोबाइल फोन कहीं रास्ते में गिर गया। काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह गुसाईं, पैरामेडिकल कमल सिंह, फायरमैन वीरेंद्र सिंह, होमगार्ड कुलदीप तथा घांघरिया चौकी के कांस्टेबल गौरव नेगी ने तत्काल खोज अभियान चलाया। टीम की सतर्कता एवं अथक प्रयासों से कुछ ही समय में मोबाइल फोन बरामद कर उसे उसके वास्तविक स्वामी को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर प्रभजोत सिंह ने सुरक्षा बलों का हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी हर छोटी-बड़ी परेशानी में भी परिवार की तरह साथ खड़े रहते हैं।
