बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र के पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक मार्ग से लापता हुए नोएडा निवासी ट्रेकर अभिषेक चौहान की तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू एजेंसियों ने अभियान तेज कर दिया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय अभिषेक चौहान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी हैं और ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गए थे। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग और आपदा मित्रों की संयुक्त टीमें खोज अभियान में जुटी हैं।
टीमें पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक मार्ग के आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों और चट्टानी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। खोज अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों की सहायता से दुर्गम इलाकों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर संभावित स्थान पर बारीकी से तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि युवक के परिजनों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। साथ ही आसपास के जिलों और थानों को गुमशुदगी संबंधी सूचना और पंपलेट भेजकर अलर्ट किया गया है।
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को अभिषेक चौहान के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तत्काल थानाध्यक्ष कपकोट के मोबाइल नंबर 9411113310 या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 9411112983 पर सूचना दे सकता है।
लगातार चल रहे सर्च अभियान के बीच परिजन और स्थानीय लोग युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
