चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम की पावन यात्रा केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि जीवनभर संजोकर रखने वाली यादों का भी सफर है। यहाँ पहुँचे हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच कई बार किसी का मोबाइल, पर्स, गाड़ी की चाबी या जरूरी सामान से भरा बैग गुम हो जाता है। ऐसे क्षणों में यह सामान केवल एक वस्तु नहीं रह जाता बल्कि उससे जुड़ी यादें, जरूरी दस्तावेज, मेहनत की कमाई और भावनाएं भी खोती हुई प्रतीत होती हैं।
बैकुण्ठ धाम में ऐसे ही परेशान और निराश श्रद्धालुओं के लिए चमोली पुलिस उम्मीद की किरण बन रही है। धाम में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार खोए हुए मोबाइल फोन, पर्स, बैग, वाहन चाबियां एवं अन्य मूल्यवान वस्तुओं को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा रहा है। कई श्रद्धालु ऐसे भी रहे, जिन्होंने अपना सामान वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन जब पुलिस ने उन्हें उनका सामान सुरक्षित लौटाया तो उनके चेहरों पर राहत, संतोष और खुशी साफ दिखाई दी।
खोया हुआ सामान वापस मिलने पर श्रद्धालुओं ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल सामान की वापसी नहीं, बल्कि उनकी चिंता और परेशानी का अंत है।
