चमोली। शस्त्रागार से लेकर पुलिस बैरक, भोजनालय, जिम और निर्माणाधीन भवनों तक किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर दिया जोर
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक चमोली अमित श्रीवास्तव (IPS) द्वारा आज दिनांक 28.11.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस लाइन पहुंचने पर सर्वप्रथम उन्होंने गार्द की सलामी ग्रहण की। इसके पश्चात पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार, स्टोर कार्यालय, जिम, पुलिस बैरक, पुलिस भोजनालय, पुलिस दूरसंचार केंद्र, महिला हेल्पलाइन, सीपीसी कैंटीन, पुलिस पेट्रोल पंप तथा पुलिस लाइन के आवासीय परिसरों का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति एवं निर्माण कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित शाखा प्रभारियों से कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, साफ-सफाई, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा पुलिस लाइन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है, ताकि वे पूरी ऊर्जा, मनोयोग और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल व अन्य मौजूद रहे।
