चमोली। एसपी चमोली के निर्देशन में जनपद पुलिस ने एक बार फिर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई का परिचय देते हुए लगभग ₹8 लाख मूल्य के बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी प्रकरण का सफल अनावरण कर शत-प्रतिशत माल बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दिनांक 04 जुलाई 2026 को टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में साइट इंजीनियर श्री नकुल कुमार, निवासी जमुई (बिहार) द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में सूचना दी गई कि आर.डी.एस.एस. परियोजना के अंतर्गत कर्णप्रयाग क्षेत्र के नौटी, पुडियाणी एवं जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने हेतु साइट पर रखी गई लगभग 1100 मीटर पीवीसी (A.B.C.) केबल, 3-4 कुंतल एल्युमीनियम वायर एवं हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन सुरागरसी एवं पतारसी करते हुए आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान रात्रि में एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही प्रकाश में आई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 04 जुलाई 2026 को दोपहर 12:30 बजे गौचर पुलिस चौकी पर उक्त संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी किया गया पूरा माल (शत-प्रतिशत बरामदगी) बरामद कर लिया गया तथा घटना में संलिप्त आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत : लगभग ₹8,00,000, अभियुक्तों के विरुद्ध मु0अ0सं0-21/2026, धारा 303(2)/317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। सभी अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
