चमोली।    आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश*

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 1,078 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 340 केंद्र विभागीय भवनों में संचालित हो रहे हैं। वहीं 265 नए आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से 93 केंद्रों के निर्माण हेतु धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि धनराशि प्राप्त सभी 93 आंगनबाड़ी केंद्रों का भवन निर्माण, सिविल कार्य एवं साइट डेवलपमेंट प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चालू वित्तीय वर्ष के भीतर सभी प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में जिलाधिकारी ने बाल विकास एवं शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए उन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शीघ्र भूमि चयन करने के निर्देश दिए, जहां अभी तक उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं है। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्माण कार्यों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं एवं प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम तथा अन्य माध्यमों से नए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के लिए प्राप्त सभी प्रस्तावों का बाल विकास विभाग नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नए केंद्र शीघ्र संचालित किए जा सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) हिमांशु बडोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!