चमोली। हिमालय की खूबसूरत वादियां, ऊंचे-नीचे पहाड़ी रास्ते और दुर्गम चढ़ाइयां… इन सबके बीच साइकिल पर सवार होकर प्रकृति की चुनौतियों से रूबरू होते हुए आगे बढ़ना अपने आप में साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प की मिसाल है। इसी रोमांच और साहस को समर्पित पांचवें अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आयोजन उत्तराखंड में किया जा रहा है।

20 नवंबर से शुरू हुई यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।

18 राज्यों और सेना के साइकिलिस्ट ले रहे हैं भाग। इस प्रतियोगिता में देश के लगभग 18 राज्यों से आए माउंटेन साइकिलिस्टों के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी तथा भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना एवं आईटीबीपी के साइकिलिस्ट भी अपनी प्रतिभा और साहस का प्रदर्शन कर रहे हैं।

*चमोली से सकुशल गुजरा साइकिलिस्टों का दल*

इसी क्रम में आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे साइकिलिस्टों का दल बैजनाथ-ग्वालदम-थराली-नारायणबगड़-कर्णप्रयाग होते हुए जनपद चमोली से गुजरा और तिलवाड़ा, जनपद रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुआ।

*हर मोड़ पर मुस्तैद रही चमोली पुलिस*

साइकिलिस्टों का यह सफर सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहे, इसके लिए चमोली पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ उनके साथ खड़ी नजर आई। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस द्वारा पूरे साइकिलिस्ट दल को एस्कॉर्ट किया गया।

मार्ग में पड़ने वाले भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस कर्मियों ने यातायात को व्यवस्थित रखते हुए यह सुनिश्चित किया कि साइकिलिस्टों को कहीं भी अनावश्यक रुकावट या परेशानी का सामना न करना पड़े और वे पूरी सुरक्षा के साथ अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ सकें।

पुलिस की इस सतर्कता और मुस्तैदी के चलते साइकिलिस्टों का दल बिना किसी व्यवधान के जनपद के निर्धारित मार्ग से सकुशल गुजरा और जनपद रुद्रप्रयाग के लिए रवाना हुआ।

चमोली पुलिस का प्रयास है कि जनपद से गुजरने वाला प्रत्येक यात्री, पर्यटक एवं प्रतिभागी सुरक्षित महसूस करे और देवभूमि उत्तराखंड से अपने साथ एक सुखद अनुभव लेकर लौटे।

error: Content is protected !!