चमोली। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा आज जनपद चमोली में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में प्रारंभ हो गई। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस द्वारा व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा कानून व्यवस्था संबंधी स्थिति से निपटने के लिए सभी संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने स्वयं परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा एवं पुलिस प्रबंधन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त पुलिस बल, एवं कॉलेज प्रबंधन को परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी चमोली द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को परीक्षा समाप्ति तक लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
चमोली पुलिस द्वारा की गई सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं, बेहतर समन्वय एवं सतत निगरानी के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। चमोली पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए।
