गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गौचर चमोली में 13 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय आधारभूत कंप्यूटर प्रशिक्षण का समापन डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में हुआ। प्रशिक्षण में चार विकासखंडों के 20 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
समापन अवसर पर डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण से शिक्षकों की शिक्षण शैली को बेहतर बनाने के साथ ही प्रशासनिक कार्यों को भी सरल और सुगम बनाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों को स्वाध्याय, स्वअनुशासन, समय प्रबंधन, स्वप्रेम एवं नशामुक्ति का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम समन्वयक सुमन भट्ट ने प्रशिक्षण के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान तकनीकी युग में शिक्षकों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। कंप्यूटर के माध्यम से शिक्षक ब्लैकबोर्ड के अतिरिक्त वीडियो, एनिमेशन एवं चित्रों का उपयोग कर रोचक पाठ तैयार कर सकते हैं। इसके साथ ही डिजिटल प्रेजेंटेशन, वैश्विक शैक्षिक संसाधनों तक पहुंच, रिकॉर्ड प्रबंधन, पाठ योजना निर्माण तथा अभिभावकों के साथ बेहतर संवाद एवं सहयोग में भी कंप्यूटर की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बारे में भी जानकारी दी गई।
मुख्य संदर्भदाता दिनेश बधानी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाडुली-3 ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण में आईसीटी का शिक्षा में अनुप्रयोग, कंप्यूटर का परिचय, माइक्रोसॉफ्ट पेंट, वर्ड एवं एक्सेल का परिचय और व्यावहारिक गतिविधियां, आईएफएमएस पर कार्य करना, ई-मेल बनाना एवं उसका उपयोग तथा स्मार्ट बोर्ड पर कार्य करने जैसे विषयों पर जानकारी प्रदान की।
वहीं, संदर्भदाता आलोक रंजन नेगी ने माइक्रोसॉफ्ट पावरपॉइंट का परिचय एवं व्यावहारिक गतिविधियां, विभागीय वेबसाइटों का परिचय एवं उनका उपयोग, गूगल शीट का लिंक बनाना, दस्तावेजों को पीडीएफ में परिवर्तित करना, मोबाइल फोन को स्मार्ट बोर्ड से जोड़ना तथा व्हाट्सएप वेब का उपयोग करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
प्रशिक्षण के फीडबैक सत्र में विकासखंड कर्णप्रयाग से सरोज डिमरी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घतोड़ा; पोखरी से वंदना चौहान, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तमुंडी तथा हरेन्द्र सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरसा; गैरसैंण से मधु रावत, राजकीय उच्चतर
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घतोड़ा; पोखरी से वंदना चौहान, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तमुंडी तथा हरेन्द्र सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरसा; गैरसैंण से मधु रावत, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटियाला; और दशोली से मंजू बिष्ट, राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय वासी ने प्रतिभागियों की ओर से प्रशिक्षण को लाभप्रद एवं समयानुकूल बताया।
कार्यक्रम के शुभारंभ एवं समापन सत्रों का मंच संचालन कार्यक्रम समन्वयक सुमन भट्ट ने किया। इस अवसर पर डायट के संकाय सदस्य कमलेश कुमार एवं गजपाल राम सहित अन्य उपस्थित रहे।
