चमोली। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने विद्यालयों को दिए आवश्यक निर्देश। राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2027 ( परख)में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से जनपद के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षताओं में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को जनपद के समस्त राजकीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावक-शिक्षक संघ की विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने दिनांक 16 अक्टूबर को शिक्षा सचिव ज्योति यादव द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में बताया कि कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए 7 एवं 8 सितंबर तथा 5 अक्टूबर 2026 को आयोजित दक्षता आधारित आकलन के परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की न्यून एवं सुधारात्मक दक्षताओं की पहचान की गई है। इन परिणामों के आधार पर विद्यालय, विकासखंड एवं जनपद स्तर पर शैक्षिक सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाली बैठक में दक्षता आधारित आकलन के परिणामों की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों एवं अधिगम स्तर पर चर्चा करते हुए उनकी कमजोरियों को दूर करने के लिए सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने अपेक्षित दक्षताएँ हासिल नहीं की हैं, उनके लिए अतिरिक्त अभ्यास, पुनरावृत्ति, सुधारात्मक शिक्षण एवं शैक्षिक अनुसमर्थन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने तथा घर पर नियमित पठन-पाठन का अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि बैठक में अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति में सुधार के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावक-शिक्षक संघ के सदस्यों की भूमिका निर्धारित की जाए। बैठक में विद्यार्थियों के नियमित अभ्यास, कक्षा कार्य एवं गृहकार्य की निगरानी तथा विद्यालय स्तर पर आवश्यक शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों की दक्षताओं को मजबूत करते हुए राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2027( परख) में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने जनपद के अधिकारियों, विकासखंड अधिकारियों डायट मेंटर , बीआरपी और सीआरपी को नियमित रूप से विद्यालयों का अनुश्रवण करने और उन्हें अकादमिक सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए,
