चमोली। अपनी जान जोखिम में डालकर नदी के बीच फंसे बुजुर्ग के शव का किया रेस्क्यू, परिजनों ने जताया आभार

आज चौकी पीपलकोटी क्षेत्रान्तर्गत अलकनंदा नदी के बीचों-बीच एक शव फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पीपलकोटी उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पता चला कि शव रुद्र सिंह राणा (85 वर्ष), पुत्र स्व. केदार सिंह, निवासी कोड़िया, जनपद चमोली का है, जो अलकनंदा नदी के तेज बहाव के बीच फंसा हुआ था। विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं तेज जलधारा के बावजूद पुलिस टीम ने साहस, धैर्य एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना नदी में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

पुलिस टीम द्वारा अत्यंत संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शव को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस कठिन और भावुक क्षण में चमोली पुलिस की तत्परता, साहस एवं मानवता से प्रेरित कार्य की स्थानीय ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों ने मुक्तकंठ से सराहना की। परिजनों ने कहा कि पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपना दायित्व निभाया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

error: Content is protected !!