देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जबकि कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के अत्यंत तीव्र दौर आने की भी आशंका है। इन तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
