चमोली । जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती चन्द्र सिंह निवासी नन्दानगर को चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन के दौरान A-निगेटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता बताई गई। दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण परिजन समय पर रक्त उपलब्ध होने को लेकर चिंतित एवं असमंजस की स्थिति में थे। जबकि मरीज की हालत को देखते हुए समय पर रक्त उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक था।
चमोली पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, पुलिस लाइन गोपेश्वर में नियुक्त आरक्षी गौरव रावत ने मानवता, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव का परिचय देते हुए बिना किसी विलंब के स्वेच्छा से रक्तदान करने की इच्छा व्यक्त की और तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचकर रक्तदान किया।
पुलिसकर्मी के इस सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य से मरीज को समय पर आवश्यक रक्त उपलब्ध हो सका। इस मानवीय सहयोग के लिए मरीज के परिजनों ने पुलिसकर्मी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
चमोली पुलिस के जवान आवश्यकता पड़ने पर समाज के प्रत्येक वर्ग की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह मानवीय कार्य चमोली पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता एवं मानवता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
