चमोली। प्रचलित माँ नन्दा जात यात्रा को सुरक्षित, सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 11.09.2026 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा चेपड़ो में यात्रा ड्यूटी पर नियुक्त समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। दिनांक 05 सितम्बर 2026 से प्रारम्भ हुई माँ नन्दा जात यात्रा में तीनों देव डोलियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच चमोली पुलिस व एसडीआरएफ के जवान श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए उन्हें कठिन रास्तों को सुरक्षित पार कराने में सहयोग कर रहे हैं तथा यात्रा मार्ग पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
आगे की यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को 01 जोन एवं 04 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग पर अपर पुलिस अधीक्षक-01, पुलिस उपाधीक्षक-03, निरीक्षक-05, उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक-28, हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल-128, महिला कांस्टेबल-14 एवं यातायात पुलिस के 12 जवान सहित आईआरबी की 02 प्लाटून, एसडीआरएफ की 03 टीमें, फायर सर्विस की 01 यूनिट, दूरसंचार की टीमें तैनात की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि माँ नन्दा जात यात्रा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था से जुड़ी यात्रा है, जिसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के साथ ही यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी काफी विषम एवं चुनौतीपूर्ण हैं। कई स्थानों पर दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई एवं फिसलन जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसपी चमोली ने कहा कि मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि माँ नन्दा की इस पावन यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और आस्था की इस कठिन डगर को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्धाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत, एसडीओ जुगल किशोर, तहसीलदार थराली अक्षय पंकज, प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गडिया व अन्य मौजूद रहे।
