चमोली। मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत द्वारा आज जनपद के विभिन्नj विकासखंडों में स्थित तीन राजकीय इंटर कॉलेज एवं दो राजकीय प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं शिक्षण कार्यों का जायजा लेना रहा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा कर्णप्रयाग विकासखंड के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली, नारायणबगड़ विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज भगवती एवं थराली विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज कुलसारी के साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवती तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिमली का औचक निरीक्षण किया गया।

औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली के प्रार्थना स्थल पर पहुंचे और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा जीवन में स्वअनुशासन, समय पालन और स्वाध्याय को विशेष महत्व देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय के शिक्षकों को समय पालन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षण कार्य में नवाचारों को अपनाने तथा विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
इस अवसर पर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली के प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सतीश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!