नर्सिंग कॉलेज पटियालधार के समीप जंगल में लगी भीषण आग पर त्वरित काबू, फायर स्टेशन गोपेश्वर व पुलिस की सतर्कता और क्विक रिस्पांस से टला बड़ा हादसा
चमोली। थाना गोपेश्वर एवं फायर सर्विस गोपेश्वर को सूचना प्राप्त हुई कि नर्सिंग कॉलेज पटियालधार, गोपेश्वर के समीप जंगल में भीषण आग लगी हुई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी पटियालधार, थाना गोपेश्वर से पुलिस बल एवं फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम मय फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल पर पहुँची।
मौके पर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और आग की लपटें तेजी से नर्सिंग कॉलेज की स्टाफ कॉलोनी, आवासीय भवनों और स्थानीय लोगों की गौशालाओं की और बढ़ रही थी। पुलिस कर्मियों ने जहाँ पेड़ों की टहनियों और पारंपरिक तरीकों का इस्तेमाल करते हुए आग के विस्तार को रोका वहीं फायर सर्विस के जवानों ने फायर टेंडर की होजरील से लगातार पंपिंग कर अत्यंत साहस, सूझबूझ एवं समन्वय के साथ आग पर नियंत्रण की कार्यवाही शुरू की गई।
पुलिस और फायर टीम के इस ‘क्विक रिस्पांस’ के परिणामस्वरूप आग के फैलाव को समय रहते रोक लिया गया तथा स्थिति पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से बड़े पैमाने पर संभावित जान-माल के नुकसान को टालते हुए आवासीय क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान एवं पशुधन को सुरक्षित किया जा सका।
