चमोली (खांकरा) । उत्तराखंड ग्रामीण बैंक शाखा खांकरा की तत्परता और जागरूकता के चलते एक नॉमिनी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत ₹2 लाख की बीमा क्लेम राशि प्राप्त हुई। बैंक शाखा प्रबंधक श्री उमेश भंडारी ने नॉमिनी श्री देवेंद्र सिंह को क्लेम राशि का बैंकर चेक प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार, नॉमिनी श्री देवेंद्र सिंह अपनी दिवंगत पत्नी स्वर्गीय श्रीमती प्रभादेवी का बचत खाता बंद कराने के लिए उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की खांकरा शाखा पहुंचे थे। खाते की जांच के दौरान शाखा प्रबंधक श्री उमेश भंडारी को पता चला कि स्वर्गीय प्रभादेवी का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के अंतर्गत बीमा किया गया था।

शाखा प्रबंधक ने तत्काल नॉमिनी को इसकी जानकारी देते हुए बीमा क्लेम की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई तथा समय पर क्लेम दावा संबंधित स्तर पर प्रेषित किया। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नॉमिनी श्री देवेंद्र सिंह को ₹2 लाख की बीमा क्लेम राशि का भुगतान किया गया।

इस अवसर पर बैंक के कार्यालय सहायक श्री रोहन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

शाखा प्रबंधक श्री उमेश भंडारी ने बताया कि बैंक खाताधारकों को अपने बैंक खाते से जुड़ी बीमा योजनाओं की जानकारी रखना चाहिए, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में उनके परिवार को योजनाओं का लाभ मिल सके।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना : अपने लिए, अपनों के लिए

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) एक जीवन बीमा योजना है, जिसमें पात्र व्यक्ति ₹436 वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का जीवन बीमा कवर प्राप्त कर सकते हैं। योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्ति शामिल हो सकते हैं।

बैंक की ओर से ग्राहकों से अपील की गई कि वे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता होने पर इनका लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!