चमोली। पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा आज कोतवाली गोपेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम कोतवाली में व्यवस्थित सलामी गार्द का मान प्रणाम ग्रहण किया गया।
इसके उपरांत कोतवाली परिसर, कार्यालय, भोजनालय, मालखाना एवं थाने को आवंटित सरकारी संपत्ति का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मालखाने में रखे लंबित मालों एवं थाने में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाने को आवंटित शस्त्रों का भौतिक निरीक्षण करते हुए पुलिस कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग कराई गई। थाना अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए। आपदा उपकरणों की समीक्षा करते हुए एसडीआरएफ के सहयोग से पुलिस कार्मिकों को व्यवहारिक आपदा प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों की समीक्षा की गई तथा महिला हेल्पलाइन डेस्क पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अंत में कोतवाली में नियुक्त समस्त पुलिस कर्मियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनी गईं एवं कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर व अन्य मौजूद रहे।
