चमोली (गौचर)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) में 5 अक्टूबर से प्रारंभ हुई डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं आज 12 अक्टूबर को ‘प्राथमिक विद्यालय के बच्चे के लिए गणित शिक्षण’ विषय की परीक्षा के साथ संपन्न हो गईं। इन परीक्षाओं में कुल 39 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया।

परीक्षाएं संपन्न होने के बाद अब 13 अक्टूबर से द्वितीय सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हो जाएगा।

डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के संपन्न होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 21 अक्टूबर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, देहरादून तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, नैनीताल (भीमताल) में मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होगा।

वर्तमान में उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में डीएलएड के दो बैच संचालित हो रहे हैं। इनमें प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं की परीक्षाएं आज 12 अक्टूबर को संपन्न हो गई हैं, जबकि द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं की परीक्षाएं नवंबर के प्रथम सप्ताह में संभावित है।

डीएलएड में प्रवेश परीक्षा के लिए सितंबर माह में विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी जिसमें प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीएलएड प्रवेश परीक्षा 18 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

डीएलएड प्रवेश परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं का आयोजन उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर, नैनीताल द्वारा किया जाता है।

वहीं, जनवरी 2026 में डीएलएड उत्तीर्ण कर चुके प्रशिक्षु भी अपनी नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षुओं की निगाहें अब आगामी विज्ञप्ति पर टिकी हैं।

error: Content is protected !!