चमोली। कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने में होमगार्ड के जवान सदैव पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चाहे यातायात व्यवस्था हो, आपदा प्रबंधन हो अथवा अन्य प्रशासनिक दायित्व होमगार्ड के जवान हर परिस्थिति में पुलिस के भरोसेमंद सहयोगी के रूप में सेवाएं देते हैं।

पुलिस अधीक्षक जनपद चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस बल के साथ-साथ पुलिस के सहयोगी होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के सम्मान, सुख-दुख एवं कल्याण का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उनके मनोबल को सदैव ऊँचा रखा जा सके।

आज दिनांक 31.01.2026 को चमोली पुलिस द्वारा अधिवर्षता पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर होमगार्ड गजपाल सिंह एवं होमगार्ड जसपाल लाल के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कोतवाली गोपेश्वर में आयोजित समारोह के दौरान होमगार्ड गजपाल सिंह द्वारा दी गई उनकी दीर्घकालिक, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं को स्मरण करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक एवं भावभीनी विदाई दी गई। उनके सेवाकाल को विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

वहीं थाना पोखरी पुलिस द्वारा होमगार्ड जसपाल लाल को उपहार भेंट कर पुलिस परिवार की ओर से उनके सेवानिवृत्त जीवन के सुखद, शान्तिमय एवं स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए आत्मीय विदाई दी गई। दोनों ही होमगार्ड कार्मिकों द्वारा अपने सेवाकाल में कर्तव्यपरायणता, ईमानदारी, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया। वे सदैव मेहनती, लगनशील, मृदुभाषी एवं व्यवहार कुशल रहे, जिससे सहकर्मियों एवं आमजन के बीच उनकी अलग पहचान बनी।

पुलिस अधीक्षक चमोली द्वारा दोनों सेवानिवृत्त जवानों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना की गई। चमोली पुलिस परिवार उनके योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण करेगा।

error: Content is protected !!