चमोली। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में तथा पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में आज देर सांय जनपद स्तर पर व्यापक, समन्वित एवं औचक सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा अवैध शस्त्र मादक पदार्थ/प्रतिबंधित सामग्री, संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा एवं जनपद के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा पुलिस टीमों के साथ अपने-अपने थाना क्षेत्रों के भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मुख्य चौराहों, बाजार क्षेत्रों, जनपद के प्रवेश/निकास सडक मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान दोपहिया एवं चोपहिया वाहनों की गहन तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा वाहनों के दस्तावेज आदि की जांच की गई। इस अभियान के तहत आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी जांची गई।
पुलिस अधीक्षक चमोली ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशा तस्करी, अवैध शस्त्रों के प्रयोग अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने के प्रयासों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस द्वारा आगे भी इस प्रकार के औचक चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो तथा जनपद में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बना रहे।
