राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चमोली के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
चमोली। मध्य प्रदेश में अक्टूबर माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जनपद चमोली के 10 खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चंपावत में 21 से 23 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जनपद चमोली के 23 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चमोली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक हासिल किए। अंडर-17 बालिका वर्ग में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की छात्रा अंशिका नेगी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ की छात्रा काव्या तथा अंडर-14 बालक वर्ग में विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ के छात्र आरव ने अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
टीम मैनेजर जयदीप झिंक्वाण ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद चमोली से अंडर-14 वर्ग में 10, अंडर-17 वर्ग में 8 तथा अंडर-19 वर्ग में 5 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें अंडर-19 वर्ग में कुमारी सानिया, राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़ तथा कुमारी सुहानी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अंडर-17 बालिका वर्ग में अंशिका नेगी (पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ), दिया सैनी (विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ), परिधि (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर) तथा प्रिया (राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़) का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। इसी वर्ग के बालक वर्ग में समीर, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ का चयन भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अंडर-14 बालिका वर्ग में काव्या (विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ) एवं अंशिका (पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ) तथा अंडर-14 बालक वर्ग में आरव (विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ) का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
चमोली की टीम के साथ टीम मैनेजर जयदीप सिंह झिंक्वाण तथा टीम कोच श्रीमती लता झिंक्वाण, सुश्री कविता एवं अजय फरस्वाण शामिल रहे।
टीम मैनेजर जयदीप झिंक्वाण ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल संयोजिका भुवनेश्वरी फोनिया एवं जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा का आभार व्यक्त किया।
जनपद के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीकांत पुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं खंड शिक्षा अधिकारी जोशीमठ तथा दशोली पंकज कुमार उप्रेती एवं जिला क्रीड़ा समन्वयक कैलाश चंद्र पंत ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं टीम प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
