चमोली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर) के सभागार में संस्थान की वार्षिक कार्ययोजना एवं राज्य वार्षिक कार्ययोजना की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली अमित कोटियाल एवं डायट प्राचार्य अनी नाथ ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों के उप शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी), संकुल संसाधन व्यक्ति (सीआरपी) तथा राजकीय शिक्षक संघ, जूनियर शिक्षक संघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा अधिकारियों तथा ब्लॉक एवं संकुल संसाधन केंद्रों के समन्वयकों को आवश्यक शैक्षिक डेटा हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए।
डायट प्राचार्य अनी नाथ ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भविष्य में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी 1 दिसंबर को जनपद के समस्त शासकीय विद्यालयों में कक्षा 2, 5 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए तृतीय दक्षता आधारित आकलन आयोजित किया जाएगा। इस बार प्रश्नपत्र एससीईआरटी द्वारा तैयार किए गए हैं। आकलन के पश्चात शिक्षकों को तत्काल उपचारात्मक शिक्षण प्रारंभ करना होगा l
उन्होंने बताया कि परख परीक्षा वर्ष 2027 में आयोजित होगी तथा दक्षता आधारित आकलन में 10 प्रतिशत विद्यालयों में पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए जाएंगे।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री मुकेश नेगी ने अकादमिक अनुश्रवण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे प्रशिक्षण की प्रभावशीलता एवं विद्यालयों तक उसकी पहुंच का आकलन किया जा सकेगा। राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह चौहान ने वरिष्ठ शिक्षकों को संदर्भदाता बनाए जाने तथा तीन विकासखंडों के प्रशिक्षण एक ही स्थान पर आयोजित किए जाने का सुझाव दिया। बैठक में सीआरपी एवं बीआरपी के यात्रा भत्ते का भुगतान न होने का मुद्दा भी उठाया गया।
कार्यक्रम का संचालन डायट के नियोजन एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह कठैत ने किया। बैठक में उप शिक्षा अधिकारी थराली निशू सैनी, नारायणबगड़ रूबी नेगी, कर्णप्रयाग किरण नेगी एवं पोखरी अंकुश बिष्ट सहित डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी उपस्थित रहे।
