देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस के राष्ट्रपति पुलिस निशान अलंकरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया।

25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान में मिला यह निशान उत्तराखण्ड पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके साथ ही उत्तराखण्ड यह सम्मान प्राप्त करने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है।

समारोह में गृह मंत्री ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त आईजी नारायण सिंह नपलच्याल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव को सम्मानित किया। वहीं सराहनीय सेवा के लिए एसपी जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक सौहकार पुण्डीर को पदक प्रदान किया गया। इस दौरान पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का भी विमोचन हुआ।

अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस ने सेवा भाव और अनुशासन से विशिष्ट पहचान बनाई है। चारधाम यात्रा, कुंभ जैसे बड़े आयोजनों और आपदाओं में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने कर्तव्य के दौरान शहीद हुए 206 जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मई 2027 के बाद दर्ज एफआईआर में 3 साल के भीतर सजा दिलाने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान पुलिस के साहस और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। राज्य गठन के समय 13 हजार जवान थे, आज 26 हजार से अधिक जवान सेवा में हैं। उन्होंने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान में पिछले 4 साल में 7 हजार से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए गए और 307 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!