चमोली। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग ने छात्र-छात्राओं से किया सीधा संवाद—कानून की समझ, साइबर सुरक्षा की सीख और नशे से दूर रहने का दिया सशक्त संदेश। आज राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कर्णप्रयाग में प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस उपाधीक्षक ने अपने सम्बोधन में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों, फर्जी कॉल, लिंक एवं संदिग्ध संदेशों के माध्यम से होने वाली ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी असावधानी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्रों से OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे के बढ़ते प्रभाव एवं इसके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशे की गिरफ्त में आने से न केवल उनका भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है।
पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि आप देश की आने वाली नई पीढ़ी हैं और राष्ट्र का भविष्य आपके कंधों पर है। कानून का सम्मान करना, डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना और नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है।” उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं मित्रों को भी साइबर अपराध एवं नशे के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा साइबर सुरक्षा, कानून एवं नशा मुक्ति से संबंधित विषयों पर सवाल भी पूछे गए, जिनका पुलिस उपाधीक्षक द्वारा सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपाधीक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने एक स्वर में “नशा मुक्ति” की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, प्रभारी बाजार चौकी वीरपाल सिंह, प्रभारी लंगासू चौकी दिनेश पँवार प्रभारी साइबर सेल सतेन्द्र बुटोला मौजूद रहें।
