चमोली । जनपद चमोली पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के प्रति सदैव संवेदनशील एवं तत्पर है। इसी क्रम में कोतवाली चमोली पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को महज दो घंटे के भीतर सकुशल खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर सराहनीय कार्य किया।
वादी द्वारा कोतवाली चमोली में सूचना दी गई कि उसकी नाबालिग पुत्री बीती रात्रि डांट-फटकार के कारण घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से सहायता की गुहार लगाई।
सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली चमोली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल खोजबीन अभियान प्रारंभ किया। पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर सघन तलाश की गई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप सूचना मिलने के मात्र 02 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक पूछताछ एवं विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत नाबालिग को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी पुत्री के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं पेशेवर कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
