चमोली . दिनांक 23 जून 2026 को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार की उपस्थिति में एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद चमोली में तैनात यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना के 46वीं वाहिनी पीएसी, ऊधमसिंहनगर स्थानांतरण होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर एसपी चमोली ने श्री योगेश सक्सेना के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, लगन एवं पेशेवर दक्षता के साथ किया। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने, विधानसभा सत्रों के दौरान यातायात प्रबंधन तथा विभिन्न वीवीआईपी ड्यूटी के सफल संचालन में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि श्री योगेश सक्सेना अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन एवं सकारात्मक कार्यशैली से विभाग में एक अलग पहचान बनाई है।
विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री योगेश सक्सेना के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य एवं कुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु अनेक प्रभावी प्रयासों से आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिला।
समारोह के दौरान श्री योगेश सक्सेना ने चमोली जनपद में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां का सहयोगात्मक कार्य वातावरण, वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन तथा सहकर्मियों का स्नेह सदैव उनकी स्मृतियों में बना रहेगा। उन्होंने चमोली पुलिस परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में प्राप्त अनुभव उनके आगामी दायित्वों के निर्वहन में सदैव सहायक सिद्ध होंगे।
एसपी चमोली एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा श्री योगेश सक्सेना को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नई तैनाती 46वीं वाहिनी पीएसी, ऊधमसिंहनगर में भी अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता से विभाग का गौरव बढ़ाते हुए उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक श्री आनन्द रावत, यातायात निरीक्षक जितेन्द्र जोशी, निरीक्षक दिगंबर उनियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
