देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा प्रवक्ता (जीव विज्ञान) एवं पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती परीक्षाओं का आयोजन एक ही दिन 12 जुलाई को किए जाने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि दोनों पदों के लिए बड़ी संख्या में समान उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, ऐसे में एक ही दिन परीक्षा आयोजित करना छात्रों के साथ अन्याय है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि दोनों परीक्षाएं एक ही समय अथवा एक ही दिन आयोजित होती हैं, तो उन्हें मजबूरन किसी एक परीक्षा का अवसर छोड़ना पड़ेगा। इससे उनकी मेहनत, समय और भविष्य प्रभावित होगा। छात्रों ने सवाल उठाया है कि एक अभ्यर्थी एक ही समय में दो परीक्षाओं में कैसे शामिल हो सकता है।

इस संबंध में अभ्यर्थियों ने आयोग के सचिव को पत्र भेजकर मांग की है कि छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए किसी एक परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का समान अवसर मिल सके।

अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई है कि आयोग उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा और परीक्षा कार्यक्रम में आवश्यक संशोधन करेगा।

error: Content is protected !!