चमोली। सत्यापन में लापरवाही पर नन्दप्रयाग पुलिस की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार पर ₹10 हजार का जुर्माना
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत चमोली पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में हेमकुण्ड साहिब यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया, वहीं नन्दप्रयाग क्षेत्र में मजदूरों का पुलिस सत्यापन न कराने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
चौकी प्रभारी घांघरिया उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा भ्यूंडार से हेमकुंड साहिब तक विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखना रहा।
अभियान के दौरान यात्रा मार्ग पर स्थित दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ दुकानदारों द्वारा ईडीसी (Eco Development Committee) द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने तथा निर्धारित दरों से अधिक मूल्य वसूलने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस द्वारा संबंधित दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्धारित रेट लिस्ट प्रमुखता से लगाने एवं तय दरों का पालन करने के निर्देश दिए गए
इसके अतिरिक्त धार्मिक स्थल क्षेत्र में खुलेआम बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने स्थानीय कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों का सत्यापन चेक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी से धार्मिक स्थल की मर्यादा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
अभियान के दौरान पुलिस एक्ट के अंतर्गत 41 चालान एवं कोटपा अधिनियम के तहत 22 चालान किए गए। इस प्रकार कुल 63 चालानों के माध्यम से नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई गई।
हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू व्यवस्था एवं धार्मिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 दिनांक 19.06.26 को चौकी नन्दप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान जस्सू कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार सीटू कुमार पुत्र निवासी केदारपुरम एमडीडीए कॉलोनी देहरादून द्वारा कार्यरत मजदूरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराना पाया गया। बाहरी श्रमिकों के सत्यापन में बरती गई इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेकेदार का पुलिस अधिनियम की धारा 83 के अंतर्गत ₹10,000 का चालान किया गया
चमोली पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनपद की सुरक्षा, हेमकुण्ड साहिब यात्रा की सुव्यवस्था एवं धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन न कराने, निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
