चमोली । एसपी चमोली ने दिखाई हरी झंडी, कहा- “योग, खेल और आयुर्वेद नशे व तनाव से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम”

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग चमोली द्वारा आज “रन फॉर योग” दौड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन-जन को नियमित योगाभ्यास, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉक्टर श्रवण कुमार त्रिपाठी द्वारा मुख्य अतिथि को बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट स्वागत किया गया।

जिसके पश्चात एसपी चमोली द्वारा प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर “रन फॉर योग” दौड़ को रवाना किया। मैराथन में स्थानीय युवाओं, विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

एसपी चमोली ने अपने संबोधन में कहा कि आज की दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इस आयोजन ने जनपद व पूरे प्रदेश को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का सशक्त संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वरिष्ठ नागरिकों से लेकर छोटे-छोटे बच्चों और विशेष रूप से बालिकाओं ने उत्साह के साथ इस मैराथन में भाग लिया है, वह एक प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और योग, आयुर्वेद और खेल न केवल स्वस्थ रहने का मंत्र हैं, बल्कि तनाव, अवसाद और नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के सबसे प्रभावी माध्यम भी हैं। उन्होंने युवाओं से अपने रोजमर्रा के जीवन में योग, खेल एवं नियमित व्यायाम को शामिल करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला आयुष विभाग एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम जनसामान्य को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और योग को जन-आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने सभी जनपदवासियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान मोहित कुमार (प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी), शेखर रावत (वरिष्ठ पत्रकार), नीलम बर्त्वाल (मुख्य फार्मेसी अधिकारी), साधना कुमाईं (फार्मेसी अधिकारी), तनवीर अहमद (फुटबाल प्रशिक्षक), शिवानी रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!