चमोली। विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस निरंतर तत्परता के साथ कार्य कर रही है। श्री बद्रीनाथ धाम पहुँच रहे लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सहायता और सुविधा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

यात्रा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण कई बार श्रद्धालु अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं या दर्शन की जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन, पर्स, बैग तथा अन्य कीमती सामान कहीं खो बैठते हैं। ऐसी परिस्थितियों में श्रद्धालु असमंजस और परेशानी की स्थिति में आ जाते हैं। ऐसे कठिन समय में चमोली पुलिस के जवान एक सजग प्रहरी, संवेदनशील सहयोगी और सच्चे मित्र की भूमिका निभाते हुए उनकी हरसंभव सहायता कर रहे हैं।

पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार खोये हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया जा रहा है, वहीं खोया हुआ सामान खोजकर उसके वास्तविक स्वामियों को सकुशल लौटाया जा रहा है। पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते अनेक श्रद्धालुओं के चेहरों पर मुस्कान लौट रही है तथा उनका यात्रा अनुभव और अधिक सुखद बन रहा है।

इसी भावना के साथ चमोली पुलिस ‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ के मूल मंत्र को धरातल पर उतारते हुए निरंतर श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित है।

error: Content is protected !!