चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में तैनात पुलिस टीम की तत्परता एक बार फिर देखने को मिली। पवित्र बदरीनाथ धाम में दर्शन के दौरान मध्यप्रदेश के विदिशा निवासी श्रद्धालु केदार भाई अपने परिजनों से बिछड़ गए, जिन्हें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल खोजकर परिजनों से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार केदार भाई दर्शन के दौरान भारी भीड़ और अपरिचित वातावरण के चलते अपने परिवार से अलग हो गए और काफी परेशान हो गए। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए श्रद्धालु की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर श्रद्धालु की जानकारी जुटाई और समन्वय स्थापित करते हुए कुछ ही समय में उनके परिजनों का पता लगा लिया। इसके बाद केदार भाई को सुरक्षित उनके परिवार से मिलाया गया।
अपने परिजन को सकुशल पाकर परिवारजनों के चेहरों पर राहत और खुशी लौट आई। परिजनों ने चमोली पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
