चमोली। चमोली जनपद के प्रतिष्ठित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, गैरसैंण में सत्र 2026–27 के लिए 15 मार्च को आयोजित कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा का परिणाम उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर, नैनीताल द्वारा घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष कुल 30 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है, जिनमें 15 बालक एवं 15 बालिकाएँ शामिल हैं।
चयनित छात्रों में 24 ग्रामीण क्षेत्रों तथा 6 शहरी विद्यालयों से हैं। विकासखंडवार चयन में सर्वाधिक 7 छात्र दशोली से, 6 देवाल से, 6 गैरसैंण से, 4 थराली से तथा नारायणबगड़, ज्योतिर्मठ और नंदानगर से 2-2 छात्रों का चयन हुआ है। वहीं पोखरी से 1 छात्र चयनित हुआ है l
विद्यालयवार आँकड़ों के अनुसार 30 में से 23 छात्र-छात्राएँ सरकारी विद्यालयों से तथा 7 निजी विद्यालयों से चयनित हुए हैं। सर्वाधिक 4 छात्र राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय देवाल से, 3 छात्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैठाणा-2 से तथा 2 छात्र सरस्वती शिशु मंदिर देवाल से चयनित हुए हैं।
प्रवेश परीक्षा में विहान खत्री (राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय देवाल) ने 89 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय के मयंक कन्यारी ने 87 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अर्चना (राजकीय प्राथमिक विद्यालय कंडारीखोड़ तल्ला, गैरसैंण) ने 86 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चयनित छात्र-छात्राओं की सूची इस प्रकार है:
नन्दनी, पावनी सनवाल, सुहानी, पीयूष गुसाईं, पारस रावत, सात्विक सती, आयुष कुमार, मोनिका मिश्रा, विहान खत्री, मयंक कन्यारी, दक्ष, भावेश, नेहा, अर्चना, पूजा, निधि, अंशु, वैभव साह, अरुण कुमार, गुंजन, अंशुला, श्रेया भट्ट, अनुराग राणा, वैभवी, आदित्य, धैर्य रावत, सूर्य पुरोहित, शालिनी, अंशुमान, आदित्य।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
