चमोली। जनपद में महिला सुरक्षा, बाल कल्याण और अपराधों के प्रभावी नियंत्रण हेतु आज दिनांक 10.04.2026 को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में पुलिस उपाधीक्षक चमोली/नोडल अधिकारी एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) मदन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित सरकारी विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

गोष्ठी के दौरान मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार, महिलाओं एवं बालकों के उत्पीड़न, पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामलों की प्रभावी विवेचना, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति एवं बाल विवाह की रोकथाम जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। नोडल अधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि इन सामाजिक बुराइयों को जड़ से मिटाने के लिए सभी विभागों को सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।

गोष्ठी में माननीय न्यायालयों द्वारा पारित महत्वपूर्ण निर्णयों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी साझा की गई, जिससे सभी विभाग वर्तमान कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्य कर सकें। इसके अतिरिक्त संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित चेकिंग एवं स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, किशोरों एवं अभिभावकों को मानव तस्करी, साइबर अपराध, नशे एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

उक्त गोष्ठी में बाल कल्याण समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चाइल्ड हेल्प लाइन, हिमाद संस्था गोपेश्वर, समाज कल्याण विभाग, किशोर न्याय बोर्ड चमोली, श्रम विभाग, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास वन स्टॉप सेन्टर गोपेश्वर व अन्य विभागों/संस्थाओं के अधिकारी/सदस्य मौजूद रहें।

error: Content is protected !!