चमोली। राजकीय इंटर कॉलेज मुन्दोली में छात्र-छात्राओं के हित में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी योगेंद्र सेमवाल के दिशा निर्देशन में संकुल मुन्दोली के सीआरसी शिव सिंह फर्स्वाण एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य ओ पी सोनियल के नेतृत्व में सभी विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीआरसी शिव सिंह फर्स्वाण एवं प्रधानाचार्य ओ पी सोनियल द्वारा छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में अधिक से अधिक प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ सभी को उठाना चाहिए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कदम बताया गया।
