गोपेश्वर। आज दिनांक 07/04/2026 को जिला न्यायालय गोपेश्वर के सभागार में नव चयनित पराविधिक कार्यकर्ता/अधिकार मित्रों हेतु एक प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार, गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया तथा पुलिस कस्टडी से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने जटिल कानूनी प्रावधानों को सरल उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट करते हुए प्रतिभागियों को व्यवहारिक समझ विकसित कराई।
इसके अतिरिक्त साइबर सेल द्वारा प्रतिभागियों को साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपायों तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में बढ़ते साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए सभी को जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून एवं मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान पुनीत कुमार, सिविल जज ( सीनियर डिविजन) सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली, ज्ञानेन्द्र खंतवाल, रिटेनर अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व अन्य मौजूद रहे।
