चमोली। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने आज कोतवाली गोविंदघाट का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चारधाम और विश्व प्रसिद्ध सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब यात्रा’ को सुरक्षित और सुगम बनाने के दृष्टिगत सुरक्षा तैयारियों का भी जायजा लिया।

सर्वप्रथम गोविन्दघाट गुरुद्वारा पहुँचकर माथा टेका साथ ही यात्रा की जमीनी हकीकत और तैयारियों की रीढ़ माने जाने वाले गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह के साथ मुलाकात की जिसमे आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए की जा रही तैयारियों तथा जमीनी स्तर की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।

गार्द सलामी ग्रहण करने के उपरांत एसपी चमोली द्वारा थाना परिसर का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना/सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, कर्मचारी बैरिक, हवालात एवं भोजनालय का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया।अभिलेखों की जांच के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दुरुस्त कर रिकॉर्ड को अद्यतन रखने एवं कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने हेतु कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस पोर्टल एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर की जा रही प्रविष्टियों का निरीक्षण कर उन्हें समयबद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जवानों से शस्त्र हैंडलिंग का अभ्यास कराकर उनकी दक्षता जांची गई तथा नियमित शस्त्राभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

दंगा नियंत्रण उपकरणों की समीक्षा करते हुए जैकेट, केन शील्ड एवं हेलमेट की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कर्मियों को इनका संचालन आना चाहिए और इसके लिए एसडीआरएफ के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएं।

साथ ही आगामी चारधाम यात्रा एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए थाना क्षेत्र में आने वाले बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने हेतु विशेष सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

थाने में निष्प्रोज्य सामग्री की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जो वस्तुएं मरम्मत योग्य हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराएं, अन्यथा उन्हें नियमानुसार निष्प्रोज्य घोषित कर नई मांग भेजें।

इसके अतिरिक्त आपदा उपकरण, सोलर पैनल एवं लाइटों को सदैव क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के क्रम में चौकी लामबगड़, चौकी पांडुकेश्व व बैरियर का भी निरीक्षण किया गया, जो चारधाम यात्रा के दौरान अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अंत में जवानों को संबोधित करते हुए एसपी चमोली ने उन्हें आगामी चारधाम और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की बड़ी चुनौतियों के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से अभेद्य तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चमोली पुलिस का एकमात्र ध्येय ‘सुरक्षित और सुगम यात्रा’ सुनिश्चित करना है। यात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी का व्यवहार जनता के प्रति अत्यंत विनम्र, किंतु सुरक्षा के मामलों में अत्यंत कठोर होना चाहिए।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, निरीक्षक अभिसूचना सूरत चौहान, उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, उपनिरीक्षक अभिसूचना संदीप सैनी, आशुलिपिक युजवेन्द्र रावत व अन्य मौजूद रहे।

error: Content is protected !!