गोपेश्वर। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि युवा यदि अनुशासन, जागरूकता और सही दिशा के साथ आगे बढ़ें तो वे समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी छात्र जीवन में NSS स्वयंसेवक रहे हैं और NSS जैसे शिविर युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा राइंका माणा घिंघराण में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी ने स्वयंसेवकों को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी भी ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है, जबकि नशे से दूरी ही सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
इस दौरान शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को पुरस्कृत भी किया गया।
इसी क्रम में एसपी ने सुबोध प्रेम विद्या मंदिर गोपेश्वर के वार्षिकोत्सव में भी छात्रों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं के मार्गदर्शन के लिए भी हमेशा तत्पर है।
