चमोली। आगामी चारधाम यात्रा के लिए जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहने के लिए किया प्रेरित।
आज दिनांक 22 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा कोतवाली ज्योतिर्मठ का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सुसज्जित सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार कर सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात कोतवाली परिसर का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, डिजिटल कार्यप्रणाली की प्रभावशीलता, परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन की स्थिति का परीक्षण कर निम्न दिशा-निर्देश दिए गए-
◆ कोतवाली पर उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास कराया गया तथा निर्देशित किया गया कि कर्मियों को नियमित रूप से शस्त्र संचालन एवं हैंडलिंग का समय-समय पर अभ्यास कराया जाए।
◆ थाने को आवंटित शस्त्रों का निरीक्षण करते हुए उनकी नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही शस्त्रों की साफ-सफाई एवं रख-रखाव से संबंधित विवरण को विधिवत हिस्ट्रीशीट बुक में अंकित किए जाने के निर्देश प्रदान किए गए।
◆ आगामी यात्रा एवं फायर सीजन के दृष्टिगत समस्त आपदा उपकरणों को पूर्णतः क्रियाशील एवं तैयार स्थिति में रखने तथा स्थानीय स्तर पर एसडीआरएफ से समन्वय स्थापित करते हुए थाना स्तर पर नियुक्त पुलिस कार्मिकों को समय-समय पर आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण एवं उपकरणों का व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान उपस्थित कर्मियों से आपदा उपकरणों की हैंडलिंग कराते हुए उनके व्यवहारिक उपयोग का परीक्षण भी किया।
◆ जोशीमठ श्री बद्रीनाथ एवं हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग का प्रमुख पड़ाव होने के दृष्टिगत आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु पूर्व वर्षों की समस्याओं का विश्लेषण कर ठोस कार्ययोजना तैयार करते हुए यातायात, पार्किंग एवं आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ कर श्रद्धालुओं हेतु सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित के निर्देश दिए गए।
◆ कोतवाली एवं अधीनस्थ चौकियों को आवंटित समस्त सरकारी सामग्री का परीक्षण कर जो सामग्री खराब/अकार्यशील हो, उसकी मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन हेतु प्रतिवेदन तत्काल प्रेषित किया जाए, ताकि यात्रा काल प्रारम्भ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्णतः सुचारु एवं दुरुस्त की जा सकें। इसके साथ ही थाना परिसर के आवासीय भवनों की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए जिन भवनों में दरारें उत्पन्न हो गई हैं, उनका त्वरित परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
◆ कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत आयोजित होने वाले आगामी तिमुंड्या मेला एवं विश्व प्रसिद्ध रम्माण मेला के दृष्टिगत मेला आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए जाने एवं समुचित तैयारियाँ सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
◆ थाना कार्यालय में उपलब्ध रजिस्टरों एवं अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं मालखाना का निरीक्षण के दौरान मालों को विधिवत श्रेणीबद्ध एवं व्यवस्थित रखने साथ ही लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
◆ सीसीटीएनएस एवं महिला हेल्पलाइन से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करते हुए संचालित सभी ऑनलाइन पोर्टलों की समीक्षा की गई तथा उनकी कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। उपस्थित महिला कार्मिकों से सीसीटीएनएस पोर्टल पर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
◆ थाना परिसर एवं कर्मचारी बैरक का निरीक्षण करते हुए सभी कर्मचारियों को ग्रीष्मकाल में होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु बैरक, शौचालय, स्नानागार, भोजनालय तथा सम्पूर्ण परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
◆ आदेश कक्ष (O.R.) में विवेचकों द्वारा पुलिस एवं राजस्व पुलिस क्षेत्रान्तर्गत लंबित विवेचनाओं, निरोधात्मक कार्यवाहियों, शिकायती प्रार्थना पत्रों की जांच, शस्त्र लाइसेंस आवेदन पत्रों की जांच, पंचायतनामा जांच, माननीय न्यायालय के आदेशों की तामील तथा पुलिस कार्यालय से प्राप्त समस्त आदेशों/अहकामात की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
◆ निरीक्षण के उपरान्त एसपी चमोली द्वारा कोतवाली पर नियुक्त पुलिस कर्मियों, होमगार्ड एवं पीआरडी के जवानों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, साथ ही उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए सभी कार्मिकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सजगता के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शारीरिक एवं मानसिक रूप से पूर्णतः तैयार रहें, ताकि यात्रा के दौरान आने वाली किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण को दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र रावत, वाचक नरेन्द्र पुरी, आशुलिपिक यजुवेन्द्र रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
