चमोली। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित द्वितीय दक्षता आधारित आकलन में चमोली जनपद ने 98.20 प्रतिशत उपस्थिति के साथ प्रदेश में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज की है।
5 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा में कक्षा 2, 5 एवं 8 में शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था l
चमोली जनपद में कुल 8,711 विद्यार्थियों में से 8,554 विद्यार्थी दक्षता आधारित आकलन में उपस्थित रहे। कक्षा 2 में 1,499 में से 1,458, कक्षा 5 में 3,310 में से 3,014 तथा कक्षा 8 में 3,904 में से 3,526 विद्यार्थियों ने आकलन में प्रतिभाग किया।
प्रदेश में चमोली के बाद रुद्रप्रयाग में 97.38 प्रतिशत और पिथौरागढ़ में 96.39 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि 7 एवं 8 सितंबर 2026 को आयोजित प्रथम दक्षता आधारित आकलन में भी चमोली जनपद ने 97 प्रतिशत उपस्थिति के साथ प्रदेश में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज की थी।
लगातार दूसरी बार उच्चतम उपस्थिति दर्ज होने से जनपद में आकलन प्रक्रिया के प्रति विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सामने आई है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने 98.20 प्रतिशत उपस्थिति के लिए जनपद के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, अभिभावकों, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (BRP) एवं क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (CRP) का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी दक्षता आधारित आकलनों में भी इसी प्रकार की सहभागिता बनाए रखते हुए उपस्थिति को और बेहतर करने की उम्मीद जताई।
