चमोली। कर्णप्रयाग निवासी एक युवक द्वारा डायल 112 पर सूचना दी कि उसका 17 वर्षीय छोटा भाई घर से सुबह बिना बताए कहीं चला गया है, और काफी ढूँढखोज के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पायी है, जिस कारण परिवार के लोग काफी घबराए हुए है।

 

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लंगासू उ0नि0 अमनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा परिजनों से गहन पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई तथा तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए कर्णप्रयाग एवं लंगासू क्षेत्र के दर्जनों CCTV फुटेज खंगाले। घंटों की मशक्कत के बाद एक धुंधली तस्वीर में नाबालिग एक वाहन में सवार होकर श्रीनगर की ओर जाता दिखाई दिया।

 

सीसीटीवी से मिले इस अहम सुराग पर पुलिस टीम ने अपनी जाँच का दायरा बढ़ाते हुए स्थानीय वाहन चालकों की मदद से उक्त वाहन के चालक का पता लगाया। पुलिस की सूझबूझ काम आई और वाहन स्वामी से तुरंत संपर्क किया गया और नाबालिग को तीनधारा के पास सुरक्षित रोक लिया गया। जिसके पश्चात नाबालिग को चौकी लंगासू लाया गया, जहाँ काउंसलिंग के पश्चात उसे सकुशल उसकी माता जी के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने पुत्र को सही-सलामत सामने देख माँ की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होने पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!