चमोली। जनपद में पुलिस विभाग की अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने और आधुनिक कार्यस्थल तैयार करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली,सुरजीत सिंह पँवार द्वारा आज गैरसैंण क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन थाना भवन गैरसैंण और फायर यूनिट भवन गैरसैंण के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।

एसपी चमोली ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवनों के स्ट्रक्चर की मजबूती और गुणवत्ता प्राथमिक होनी चाहिए।निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री और ढांचागत मजबूती के साथ कोई समझौता न किया जाए।साथ ही निर्देशित किया कि समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि पुलिस बल को समय पर नई सुविधाएं मिल सकें।

पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग, त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा वर्तमान थाना भवन गैरसैंण का निरीक्षण किया गया।विदित हो कि नए भवन में स्थानांतरण के पश्चात, वर्तमान थाना भवन को ‘बाजार चौकी’ के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, यहाँ सीओ कर्णप्रयाग का कैंप कार्यालय भी बनाया जाना प्रस्तावित है।क्षेत्राधिकारी ने इस दौरान भवन में कर्मियों और एल.आई.यू. के कर्मचारियों के रहने की व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत, प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरोला,वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुग़्शाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!